शिंदे के शिवसेना प्रत्याशी हाजी सलीम कुरैशी पर चाकू से हमला, बाल-बाल बचे

मुंबई : बांद्रा ईस्ट के संत ज्ञानेश्वर नगर में रैली के दौरान अज्ञात हमलावर ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना प्रत्याशी हाजी सलीम कुरैशी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में समर्थकों ने बाइक से बांद्रा (वेस्ट) के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के साथ हाजी सलीम कुरैशी। फाइल फोटो।

खेरवाड़ी पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए जोनल डीसीपी और मुंबई क्राइम ब्रांच ने तीन टीमें बनाई गई हैं। जोन 8 के डीसीपी मनीष कलवानिया ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद ही हमले का मकसद पता चलेगा। उन्होंने कहा कि शाम 5 बजे संत ज्ञानेश्वर नगर में रैली के दौरान कुरैशी के पेट पर कुछ चोटें आई। वह खतरे से बाहर हैं। पुलिस टीमें फील्ड में काम कर रही हैं।

बताते हैं कि AIMIM मुंबई के पूर्व जनरल सेक्रेटरी हाजी सलीम कुरैशी सितंबर 2024 में शिवसेना के एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल हो गए थे। उनकी पत्नी गुलनाज सलीम कुरैशी बांद्रा (ईस्ट) के प्रभाग 92 की नगरसेविका रह चुकी हैं। हाजी के शिवसेना शिंदे में जाने से शिवसेना शिंदे को मजूबत बताया जा रहा है। खेरवाड़ी पुलिस हमलावर की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही थी। मुंबई में बीएमसी चुनावों के लिए 15 जनवरी को वोट डाले जाएंगे जबकि मतों की गिनती 16 जनवरी को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *