27 दिसंबर को सुबह 4 बजे से रात 9 बजे तक कुल 277 लोकल ट्रेनें पूरी तरह रहेंगी रद्द
मुंबई : पश्चिम रेलवे की ओर से कांदिवली-बोरीवली सेक्शन पर छठी लाइन के काम को पूरा करने के लिए 20-21 दिसंबर से लिया गया ब्लॉक 30 दिनों यानी 18 जनवरी 2026 तक चलेगा। इसी कारण शनिवार 27 दिसंबर को सुबह 4 बजे से रात 9 बजे तक कुल 277 लोकल ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी। इसके अलावा 26 और 27 दिसंबर की मध्यरात्रि में भी कई लोकल ट्रेन सेवाएं आंशिक रूप से रद्द रहेंगी। कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान समय में बदलाव किया जाएगा, जिससे यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, बोरीवली स्टेशन पर अप और डाउन स्लो लाइनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) पैनल के कमीशनिंग कार्य के लिए 26 और 27 दिसंबर 2025 को रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक मेजर नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया जाएगा। इसके साथ ही 26 दिसंबर की रात 11 बजे से 28 दिसंबर की मध्यरात्रि तक कांदिवली और दहिसर के बीच डाउन फास्ट लाइन पर स्पीड रिस्ट्रिक्शन (गति नियंत्रण) लागू रहेगा। इन कारणों से कुछ लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ लोकल ट्रेनें केवल गोरेगांव तक ही चलाई जाएंगी।
ब्लॉक की अवधि के दौरान 28 दिसंबर 2025 तक नंदुरबार-बोरीवली एक्सप्रेस और अहमदाबाद एक्सप्रेस बोरीवली के बजाय वसई में शॉर्ट टर्मिनेट और ऑरिजनेट होगी। बोरीवली-वलसाड मेमू ट्रेन दहानू से शुरू होकर वहीं समाप्त होगी, जबकि 28 दिसंबर को बोरीवली-दहानू मेमू रद्द रहेगी। इसके अलावा 7 अप और 10 डाउन ट्रेनें री- शेड्यूल रहेंगी, 111 अप और 3 डाउन ट्रेनें रेग्युलेट की जाएंगी तथा 6 एक्सप्रेस ट्रेनें बोरीवली स्टेशन पर नहीं रुकेंगी।
कांदिवली और बोरीवली स्टेशनों पर ट्रैक स्लीविंग, कई क्रॉसओवर्स का इन्सर्शन और रिमूवल, सिग्नलिंग तथा ओवरहेड इक्विपमेंट से जुड़े अहम कार्य किए जाएंगे। इन्हीं तकनीकी कार्यों के कारण उपनगरीय, पैसेंजर और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
दूसरी ओर, पश्चिम रेलवे ने 26 से 30 दिसंबर के बीच अतिरिक्त बस सेवाएं चलाने के लिए बेस्ट को पत्र भेजा है। प्रस्तावित सेवाएं बोरीवली-चर्चगेट और बोरीवली- विरार रूट पर होगी।