80 हजार लेने के बाद भी वकील ने दर्ज नहीं कराया केस, युवक ने खुद को लगाई आग!

मुंबई : बॉम्बे हाईकोर्ट परिसर के बाहर कोंकण क्षेत्र के सिंधुदुर्ग जिले के कणकवली के रहने वाले प्रकाश सावंत ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। वह 50 प्रतिशत झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने आग बुझाई और उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया।
घटना 16 दिसंबर की शाम को हुई, जब हाईकोर्ट के बाहर आम लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। अचानक एक व्यक्ति ने शरीर से आग ली। अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही पलों में पुलिसकर्मी और आम नागरिक उसकी ओर दौड़े और पानी तथा अन्य उपलब्ध साधनों से आग पर काबू पाया।
इसके बाद प्रकाश सावंत को तत्काल दक्षिण मुंबई के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा जल चुका है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं। आजाद मैदान पुलिस थाने ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि प्रकाश सावंत ने एक वकील को हाईकोर्ट में केस दाखिल कराने के लिए कथित तौर पर 80 हजार रुपये दिए थे। तय रकम लेने के बावजूद वकील ने मामला अदालत में दाखिल नहीं किया, जिससे सावंत मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। बताया जा रहा है कि लंबे समय से केस दर्ज न होने और लगातार चक्कर काटने के कारण वह खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा था। इसी तनाव और हताशा में उसने हाईकोर्ट के बाहर आत्मदाह जैसा खौफनाक कदम उठाने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *