गोवा के नाइट क्लब में लगी भीषण आग से 25 की मौत, कई घायल गंभीर

पीएम ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए एवं घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की

गोवा : उत्तरी गोवा के एक नाइट क्लब में 7 दिसंबर की देर रात सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। इस आग से 25 लोगों की मौत हो गई। इनमें टूरिस्ट, स्टाफ मेंबर भी शामिल हैं। कई घायल भी हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
आग आधी रात के बाद अर्पोरा गांव में स्थित लोकप्रिय पार्टी स्थल ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में लगी। यह नाइट क्लब पिछले साल ही खुला था।


मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लब मालिकों के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया गया है। मैनेजर और दूसरों को पहले ही अरेस्ट कर लिया गया है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे जेल में डाल दिया जाएगा।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

आग की घटना में मौत और घायलों की खबर से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, मुख्यमंत्री ने दुख जताया है और सभी के परिवार वालों को ढांढस बंधाया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने एक्स पर लिखा कि नॉर्थ गोवा जिले में आग लगने की दुखद घटना से बहुत दुख हुआ, जिसमें कई कीमती जानें गईं। दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिले। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करती हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के सीएम को फोन कर पहले दुख जताया और घटना की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गोवा के अरपोरा में आग लगने से हुई दुखद घटना बहुत दर्दनाक है।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरपोरा में आग लगने की दुखद घटना के बारे में मुझसे बात की। मैंने उन्हें जमीनी हालात के बारे में बताया। गोवा सरकार इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *