कलवा में गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़, गैस से भरे दो टैंकर और 28 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त

ठाणे : खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कार्यालय ने कालाबाजारी करने वालों पर बड़ी गाज गिराई है। विभाग ने कलवा के खरगांव जूना टोल प्लाजा पर गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। विभाग की मोबाइल टीम ने छापेमारी कर गैस से भरे दो टैंकर, 28 भरे हुए व्यावसायिक सिलेंडर और 30 खाली व्यावसायिक सिलेंडर समेत 50 लाख 01 हजार 516 रुपये का सामान जब्त किया गया।
यह कार्रवाई खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के नियंत्रक चंद्रकांत डांगे के मार्गदर्शन में राशन वितरण कार्यान्वयन के उप नियंत्रक गणेश बेल्लाले के नेतृत्व वाली टीम ने की है। बुधवार सुबह 4:40 बजे यहां अचानक छापेमारी की गई। पता चला था कि एक टैंकर से अवैध रूप से व्यावसायिक सिलेंडरों में गैस भरी जा रही थी। टीम ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है और टैंकर के चालक और मालिक के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है।
कार्रवाई टीम में राशन वितरण निरीक्षक रामराजे भोसले, चंद्रकांत कांबले, दीपेंद्र पारुलेकर, राजेश सोरटे, अमोल बर्टे, विकास नागदिवे, देवानंद थोरवे, रवींद्र राठौड़, अरुण काटे और राहुल इंगले, जोन एफ के सहायक नियंत्रक प्रदीप काले, राशन वितरण अधिकारी सुभाष डूमबरे, महेश कुसमुडे, संतोष गुरव और अन्य निरीक्षकों ने यह कार्रवाई की।
इस कार्रवाई से कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मचा है। सूत्रों के अनुसार विभाग कालाबाजारी करने वालों की पड़ताल कर रहा है, जल्द ही कुछ और कालाबाजारियों को पकड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *