राजस्थान : राजस्थान के जोधपुर जिले के फलोदी उपखंड के मतोड़ा क्षेत्र में रविवार शाम भयानक सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसा में बस खड़े ट्रेलर में घुस गई, जिससे 18 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में 3 से 4 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर किया गया। मौतों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है। घटना उस समय हुई जब सूरसागर क्षेत्र के श्रद्धालु बीकानेर जिले के कोलायत दर्शन करके लौट रहे थे। जैसे ही बस मतोड़ा के पास भारत माला सड़क मार्ग पर पहुंची, वह सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रेलर से जा टकराई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही कई यात्रियों ने दम तोड़ दिया।
मतोड़ा थाना अधिकारी अमानाराम ने 18 जनों की मृत्यु की पुष्टि की है। स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किए और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी जयपुर से तुरंत जोधपुर के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर विधायक ने तत्काल घटनास्थल की ओर लौटने का निर्णय लिया। उन्होंने मथुरादास माथुर अस्पताल के अधीक्षक विकास राजपुरोहित से दूरभाष पर बात कर घायलों को त्वरित एवं उच्च स्तरीय चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधायक जोशी ने प्रशासन से घायलों की हर संभव सहायता सुनिश्चित करने और उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटना से हुए दर्द में वे हर घड़ी प्रभावित जनों के साथ खड़े रहेंगे।