मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम और डीआरआई अधिकारी बनकर वसूली, तीन गिरफ्तार

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम और डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) अधिकारी बनकर एक यात्री को ठगने की कोशिश करने वाले तीन आरोपियों को सहार पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद जोहेब उस्मान बलोच (30), जैद नदीम शेख (23) और सालिया सईद अहमद कुरैशी (42) के रूप में हुई है। इनमें पहला आरोपी अंधेरी पश्चिम, दूसरा मालाड पश्चिम और तीसरा मालाड इलाके का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अमन मिर्जा दुबई में काम करते हैं। वह बैंकॉक घूमने के बाद मुंबई लौटे थे। उनकी फ्लाइट रात करीब 1:30 बजे मुंबई पहुंची थी।
इसी दौरान तीनों आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और खुद को कस्टम तथा डीआरआई अधिकारी बताते हुए पूछताछ के लिए ले जाने की बात कही। आरोप है कि उन्होंने यात्री का पासपोर्ट, मोबाइल फोन और बोर्डिंग पास अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसे डराकर पार्किंग क्षेत्र में ले जाने की कोशिश की।
इसी बीच वहां गश्त कर रहे ट्रैफिक पुलिस के एक कांस्टेबल को संदेह हुआ। उन्होंने हस्तक्षेप कर तीनों को रोक लिया और सहार पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की तलाशी में एक आरोपी के पास से कथित फर्जी डीआरआई-कस्टम पहचान पत्र मिला। उस कार्ड पर आरोपी की तस्वीर थी, लेकिन नाम किसी दूसरे व्यक्ति का दर्ज था।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 62, 204 और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपियों ने पहले भी एयरपोर्ट पर इसी तरह यात्रियों को निशाना बनाया है या नहीं।

साकीनाका में हिट एंड रन, पेंटर की मौत; टेंपो चालक गिरफ्तार

कपड़े पर मिले खून से सने टायर के निशान से पुलिस को मिला सुराग, हादसे के दो घंटे के भीतर आरोपी पकड़ा गया

मुंबई। साकीनाका इलाके में हिट एंड रन की एक दर्दनाक घटना में 42 वर्षीय पेंटर की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने 40 वर्षीय टेंपो चालक राम सुरेश राजभर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कपड़े पर बने खून से सने टायर के निशान और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर वाहन तथा चालक का पता लगाया।
घटना 5 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे सफेद पुल स्थित गुरु नानक कंपाउंड के पास हुई थी। मृतक की पहचान रंतिकांत नायक के रूप में हुई है। वह पेशे से पेंटर थे और अपने परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य बताए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंपाउंड से एक टेंपो बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान वाहन ने रंतिकांत को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और टेंपो का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद चालक कथित तौर पर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
रात करीब 9 बजे एक परिचित ने उन्हें सड़क पर बेहोशी की हालत में देखा और परिवार को सूचना दी। इसके बाद उनके भाई रामकृष्ण मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से उन्हें राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने भर्ती से पहले ही मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के कपड़े पर खून से सने टायर का निशान मिला। कंपाउंड के सुपरवाइजर शैलेश पांडे से पूछताछ और इलाके में नियमित रूप से खड़े होने वाले वाहनों की जानकारी के आधार पर पुलिस टेंपो तक पहुंची। इसके बाद चालक राम सुरेश राजभर को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद उसे नोटिस देकर छोड़ दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *