कांदिवली में एमडी ड्रग्स की तस्करी का खुलासा, दो गिरफ्तार

23 ग्राम मेफेड्रोन जब्त, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.50 लाख रुपये

मुंबई। कांदिवली पूर्व के पोईसर इलाके में समतानगर पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स की तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 23 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद किया है। जब्त ड्रग्स की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि रमाशंकर चॉल, बिहारी टेकड़ी, पोईसर इलाके में कुछ लोग एमडी ड्रग्स की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया।
बताया जाता है कि संदिग्धों ने पुलिस से बचने के लिए एक मकान की पिछली खिड़की से छत पर जाने और नीचे उतरने की कोशिश की। इस दौरान एक आरोपी ने अपने कंधे पर लटका बैग छत पर छिपाने का प्रयास किया। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें दो पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियों में लगभग 23 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पुलिस ने 5 हजार रुपये नकद और अन्य सामान भी जब्त किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माला हरिश्चंद्र राय और अविनाश मोहननाथ झा उर्फ लोटा के रूप में हुई है। मामले में पूजा राय का नाम भी सामने आया है। पुलिस एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *