वाशी मिनी सी-शोर पर 19 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी फरार

मुंबई : वाशी के मिनी सी-शोर इलाके में शनिवार तड़के एक 19 वर्षीय युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की। मृतक की पहचान सुजल कुमार महतो के रूप में हुई है। वह  एक चाइनीज होटल में काम करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना तड़के करीब चार बजे हुई।


पुलिस के मुताबिक किसी अज्ञात व्यक्ति ने सुजलकुमार महतो के सिर पर कई बार धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शशिकांत चंदेकर के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने का प्रयास कर रही है। धारदार हथियार के इस्तेमाल को देखते हुए कथित कोयता गैंग की संलिप्तता की संभावना पर भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी संगठित गिरोह से संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृतक हमलावर को पहले से जानता था या हत्या के पीछे कोई आपसी विवाद अथवा अन्य कारण था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *