चेंबूर में कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर महिला की हत्या का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई : चेंबूर के मैसूर कॉलोनी इलाके में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला के कोल्ड ड्रिंक में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ मिला दिया था और बाद में मौत को प्राकृतिक अथवा दुर्घटनावश हुई मौत दिखाने की कोशिश की।


घटना 25 अगस्त की रात करीब 11.30 बजे मैसूर कॉलोनी स्थित बंगला नंबर 57-ए में हुई। मृत महिला की पहचान विष्णुमाया के रूप में हुई है। उसकी संदिग्ध मौत की सूचना मिलने के बाद आरसीएफ पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ कि मौत स्वाभाविक नहीं थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी आशीष मगर को महिला के चरित्र पर संदेह था। आरोप है कि उसने कोल्ड ड्रिंक की बोतल में जहरीला पदार्थ मिला दिया और महिला को वह पेय पिलाया अथवा पिलाने के लिए मजबूर किया, जिसके सेवन के बाद उसकी मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने 28 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस निरीक्षक रामदास पाटिल के नेतृत्व में मामले की जांच जारी है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों और मौत से पहले की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *