मुंबई : मुंबई में NEET-UG पेपर लीक और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में छात्र संगठनों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने छात्रों के समर्थन में 26 जुलाई को मुंबई में एक बड़े ‘तिरंगा मार्च’ का ऐलान किया है। इस मार्च में केवल राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल होने की अपील की गई है, जबकि किसी भी राजनीतिक दल के झंडे का उपयोग नहीं करने की बात कही गई है।
ठाकरे बंधुओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय पर निशाना साधते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। उनका कहना है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उद्धव ठाकरे ने कहा कि छात्रों की आवाज़ को दबाने के बजाय उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। वहीं राज ठाकरे ने दावा किया कि यह आंदोलन अब पूरे देश में फैल चुका है और सरकार पर जवाब देने का दबाव बढ़ रहा है।