एनसीपी नेता को अपहरण कर पीटा और फिर छोड़ दिया

भविष्य के मंत्री चिखलिकर के काम में दखल न देने की धमकी दी

पुणे/महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के जीवन घोगरे पाटिल का पहले अपहरण किया गया और फिर उन्हें बुरी तरह पीटा गया। घटना नांदेड़ के इलाके में हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना को लेकर एनसीपी नेता के समर्थकों में आक्रोश है और नांदेड़ बंद का ऐलान कर दिया है।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि नांदेड़ नगर निगम में विपक्ष के पूर्व नेता जीवन घोगरे पाटिल अपनी टोयोटा इनोवा में यात्रा कर रहे थे। तभी सामने से आ रही एक महिंद्रा स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
कार में खींचकर सूनसान इलाके में ले गए।
सड़क किनारे जीवन घोगरे पाटिल का इंतजार कर रहे तीन लोग जब उन्हें बचाने के लिए उनकी गाड़ी की ओर दौड़े तो जबरदस्ती उन्हें स्कॉर्पियो में खींच लिया और भाग गए। एनसीपी नेता का आरोप है कि किडनैपर्स उन्हें एक अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां उनके साथ मारपीट की गई और बाद में एक गांव के पास उन्हें छोड़कर भाग गए।
इसके बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराई और पार्टी के सहयोगियों प्रतापराव गोविंदराव चिखालिकर और मोहनराव मारोत्राव हंबार्डे पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया।
पाटिल के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने उन्हें धमकी दी और कहा कि वे भविष्य के मंत्री चिखलिकर के काम में दखल न दें और चेतावनी दी कि उनका भी वही हाल हो सकता है जो पिछले साल अपहरण कर हत्या किए गए बीड के ग्राम प्रधान संतोष देशमुख का हुआ था।
सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल में इलाज करा रहे जीवन घोगरे पाटिल ने अजीत पवार और एकनाथ शिंदे से नांदेड़ में गुंडा राज खत्म करने की अपील की है। उनके समर्थकों ने मंगलवार को नांदेड़ में बंद का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *