मालवणी में 2.40 करोड़ की हेरोइन जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड से मुंबई तक फैले ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का खुलासा, जुहू से भी दो आरोपी पकड़े गए

मुंबई। मालवणी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 800.90 ग्राम हेरोइन जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 2 करोड़ 40 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि हेरोइन की सप्लाई का नेटवर्क उत्तराखंड से मुंबई तक फैला हुआ था। आरोपी मुंबई और आसपास के इलाकों में मादक पदार्थों की आपूर्ति और बिक्री कर रहे थे।
मामले की शुरुआत 14 अगस्त 2026 को हुई थी। उस दिन मालवणी पुलिस ने 34 वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ हेरोइन रखने और बिक्री करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। उसके पास से 4.90 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 1361/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के 19 वर्षीय साथी को पकड़ा। उसके पास से 263 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उसने उत्तराखंड के सिकरोड़ा में रहने वाले एक व्यक्ति से हेरोइन लाने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए जुहू इलाके में कार्रवाई की और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी उम्र 25 और 20 वर्ष बताई गई है। इनके पास से 533 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
इस तरह पुलिस ने चार आरोपियों से कुल 800.90 ग्राम हेरोइन जब्त की। पुलिस अब मुख्य सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *